20140623

अकबर बनाम अकबर


जीटीवी पर प्रसारित हो रहे धारावाहिक जोधा अकबर में अकबर के रुमानी स्वभाव को परिभाषित किया जा रहा है. इस धारावाहिक के माध्यम से दर्शकों को अकबर के सौम्य स्वभाव की जानकारी मिलती है. तो वही दूसरी तरफ चैनल बदलते ही रुमानी अकबर अचानक कुरुर व्यवहार धारण कर लेते हैं. सोनी टीवी पर प्रसारित हो रहे धारावाहिक महाराणा प्रताप में चूंकि महाराणा प्रताप नायक हैं. इसलिए अकबर खलनायक की भूमिका में हैं. इस धारावाहिक में अकबर एक शासक के रूप में दर्शकों के सामने अवतरित हो रहे हैं. वही फिर से चैनल बदलते हुए आपकी नजर जब बिग मैजिक पर जाती है तो आप अकबर को देखते ही मुस्कुराने लगते हैं. चूंकि धारावाहिक अकबर बीरबल में वे अकबर का चुटीला अंदाज दर्शकों के सामने आता है. यह स्पष्ट है कि तीनों ही धारावाहिक में दिखाये जा रहे अकबर की छवि पूरी तरह से वास्तविक अकबर की छवि से मेल नहीं खाती. आप तीनों में से किसी भी धारावाहिक के आधार पर अकबर के स्वभाव की कल्पना नहीं कर सकते. लेकिन इतना स्पष्ट जरूर है कि आज भी अकबर प्रासंगिक हैं. और दर्शक उनके बारे में देखना सुनना पसंद करते हैं. फिर चाहे वह शासक के रूप में हो, कॉमेडियन के रूप में हो या प्रेमी के रूप में. दरअसल, हकीकत भी यह है कि हर व्यक्ति की तरह अकबर भी एक स्वभाव वाले शासक नहीं थे. फिल्में मुगलएआजम और जोधा अकबर में भी हम अकबर के दो भिन्न रूप देख चुके हैं. जहां एक तरफ अकबर जोधा के प्रेम में पागल हैं तो दूसरी तरफ महाराणा प्रताप के अकबर इस बात की तैयारी में जुटे हैं कि किस तरह उन्हें पूरे हिंदुस्तान पर राज करना है. वाकई किसी एक व्यक्ति के विभिन्न स्वरूप देखना दिलचस्प है. अकबर उन नायकों की तरह ही हैं, जिनमें कई विभिन्नताएं होती हैं. 

No comments:

Post a Comment